Biaora News
ब्यावरा. शहर के बखतपुरा क्षेत्र की एक बर्फ फैक्ट्री में पानी के टैंक में बुधवार सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। शव को देख आस-पास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस, डीएसबी और एफएसएल टीम ने शव को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले घर से गायब हुए कंवरलाल पिता रामचरण कुशवाह (45) निवासी काछी मोहल्ला के रूप में उनकी पहचान हुई। 26 जनवरी को वह घर से गायब हो गया था। उक्त व्यक्ति की कमर में रस्सी से पत्थर बांधा गया था। यह स्पष्ट नहीं हुआ कि यह किसी ने बांधकर फेंका या खुद ही गिरे? परिजनों के अनुसार इससे पहले भी वे करीब 10-15 दिन तक गायब रहे थे, लेकिन बाद में लौट आए थे, लेकिन इस बार गायब होने के बाद उनका शव ही मिला। वे शराब के आदी थे और मानसिक कमजोर भी। बखतपूरा क्षेत्र के पार्षद नवल कुशवाह के वे साले थे। सिटी थाने में उनकी गुमशुदगी 27 जनवरी को दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
