#Biaora News
ब्यावरा, मक्सी-रुठियाई रेलवे ट्रैक पर चलने वाली प्रमुख स्टीन ट्रेन इंदौर-कोटा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में महिलाओं के बीच सीट पर बैठने की बात पर विवाद हो गया। इंदौर स्टेशन पर हुए विवाद में महिलाओं ने एक- दूसरे पर कपड़े फाड़ने और मंगलसूत्र तोड़ने का आरोप लगाया। मामले में एक पक्ष ने इंदौर और दूसरे ने ब्यावरा थाने में मामला दर्ज कराया है। जीआरपी के अनुसार शिखा पति सुरेंद्र तिवारी (33) निवासी कॉलोनी नगर (एरोड्रम रोड) इंदौर ने आरोप लगाया कि में पति, सास सुनीता अवस्थी और बड़ी बहन शिल्पा उपाध्याय के साथ ट्रेन में ब्यावरा के लिए बैठने आई थी। मेरे पास डी-1 का रिजर्वेशन था। हम बैठने ही वाले थे इस बीच वहां दो लड़कियां और एक महिला आई। सीट पर बैठने की बात पर बहस करने लगी, बाद में विवाद की स्थिति बनी। गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। शिखा ने आरोप लगाया कि उन लड़कियों ने मेरे कपड़े फाड़ दिए, लात-घूसों से मारपीट की। साथ ही लड़ाई में मंगलसूत्र भी टूट गया। इस बीच ट्रेन चल पड़ी और उन्होंने ब्यावरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। जहां पुलिस ने तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धारा-323, 294 और 506 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया। वहीं, इसी मामले में रैना पिता गोपालसिंह रजावत निवासी दुर्गा कॉलोनी गुना वर्तमान निवासी स्कीम नंबर-2 विजयनगर, इंदौर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि तीन महिलाओं ने हमारे साथ मारपीट की। विरोध करने पर गाली गलौज कर धमकी दी गई। सीट पर बैठने की बात पर उन्होंने गालियां देना शुरू कर दिया और लात-घूसे मारे। मामले में इंदौर जीआरपी ने भी क्रॉस मुकदमा तीन महिलाओं के खिलाफ दर्ज किया है। रैना अपने किसी अन्य रिश्तेदार को ट्रेन में बैठाने के लिए ही स्टेशन पहुंची थी, जहां विवाद हो गया।Biaora Rajgarh News |-
