ब्यावरा. खाद की किल्लत,कर्जमाफी और सोयाबीन का बोनस सहित प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के साथ किए जा रहे छलावे को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार सुबह नपा कॉम्प्लेक्स में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जिले सहित ब्यावरा में यूरिया की किल्लत के मुद्दे पर बात हुई।दिन-दिनभर लाइन में लगने के बाद भी किसानों को महज दो या तीन बोरी खाद ही मिल पा रहा है।भारतीय किसान यूनियन ब्लॉक संगठन के नेतृत्व में किसानों ने एसडीएम को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से यूरिया की कालाबाजारी की जा रही है रसूखदारों और बड़े खाद व्यापारियोंके यहां आसानी से खाद पहुंच रहा है और सरकारी गोडाउनों में दिक्कत कायम है। कई दुकानदार किसानों को ज्यादा कीमत में यूरिया बेच रहे हैं।यूनियन द्वारा सीएम के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की गई
है कि अतिवृष्टि में नष्ट हुई फसल का बीमा, मुआवजा दिया एक मुश्त दिया जाए, गेहूं का बोनस दिया जाए,भावांतर की राशि दी जाए, एकमुश्त दो लाख का कर्ज माफ किया जाए।
यदि 10 दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं की गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक बलरामसिंह गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष किसान यूनियन रामजगदीश दांगी,महेंद्रसिंह तोमर, विजयसिंह मीणा, मुकेश दांगी, नारायण सिंह,भारतसिंह मीणा, विक्रम मीणा सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

